Saturday, 2 October 2010

आज नहीं तो कल

आज नहीं तो कल,
मैं भी मोक्ष प्राप्त करूंगा।
इस जीवन रूपी दुनिया को छोड़,
कहीं दूर चला जाऊंगा

आज नहीं तो कल,
मैं भी क्षितिज पार करूंगा।
विवेक
की मशाल जला,
परमात्मा
में मिल जाऊंगा।

आज नहीं तो कल ,
मैं भी पूजा जाऊंगा।
पत्थर की मूरत बना,
कहीं कोने में खड़ा कर दिया जाऊंगा।

आज नहीं तो कल.....

चित्र www.google.com से लिया गया है।

Sunday, 15 August 2010

संकल्प

स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर झंडा-रोहन समारोह के बाद सलोनी और गली के सब बच्चे घूमने समुंदर के तट पर गये सुनहरी बालू, धूप में चमक रही थी, बच्चे खुले आकाश में पंछी की तरह इधर-उधर दौड़ रहे थे, सब खुश थे। सलोनी ने वैसे ही देखा की एक बोतल बालू में धंसी हुई हैउसने अपने सारे दोस्तों से कहा देखो वह बोतल कैसी है? एक ल़ड़के ने कहा 8-9 शताब्दी पुरानी लग रही है। सलोनी ने कहा चलो उस बोतल को देखें सलोनी और सब बच्चे उत्सुकता से भागे, सलोनी ने बोतल उठाई और सब बच्चे उसके पीछे दौड़े जैसे ही एक बच्चे ने कहा इस में बम हो सकता है वैसे ही सलोनी ने बोतल बालू पर फेंक दी। सब बच्चे पीछे हट गए और आश्चर्य भरी आंखों से देखने लगे, कुछ समय पश्चात् सलोनी ने कहा बोतल खोलकर देखते हैं क्या मालूम इसके अंदर क्या हो?

सलोनी और सारे बच्चों ने अपने-अपने इश्वर को याद किया और उस बोतल को खोला। एक दम से काला धुआं चारों ओर फैल गया सब बच्चे चारों ओर भागे किसी ने कहा मां बचाओ तो किसी ने कहा अम्मी बचाओ और किसी ने कहा बेबे मैंनू बचा। बच्चे चिल्लाते हुए भाग रहे थे की एकदम से काला धुआं एक छोटे से बच्चे में बदल गया। सलोनी ने कहा अरे यहां सब आओ ये तो जिन्न है ये बच्चों का दोस्त है। सब धीरे-धीरे सहमे से आए - सब में हल्का सा डर था लेकिन कुछ समय पश्चात् सब उसके पास आ गये,किसी को अब उससे डर नहीं लग रहा था।

सलोनी ने उस बोतल से निकले बच्चे से पूछा "तुम्हारा नाम क्या है ?

"मैं सत्य हूं।

सलोनी ने फिर पूछा,तुम कहां से आए हो?

वह बच्चा रो दिया, सलोनी ने कहा, " तुम रोओ मत, नहीं बताना चाहते हो तो मत बताओ लेकिन रोओ मत।

मैं रो इसिलए रहा हूं कि मेरे देश वाले मुझसे पूछ रहें हैं कि मैं कौन हूं अरे मैं भारत का हूं यह देश मेरा है यहां के लोग केवल सत्य बोलते थे। विश्व में सिर्फ एक यही देश था जिस देश में सब शांति और भाईचारे से रहते थे। क्योंकि मैं यहां पर रहता था। सत्य। लेकिन व्यक्तियों के स्वार्थ ने मुझे इस बोतल में बंद कर दिया था उसके बाद हिंदू, मुस्लिम, सिक्ख आदि धर्मों का जन्म हुआ, उससे पहले यहां मनुष्य ही रहता था। इन सबके जन्म के बाद से ही शोषण, दंगे, खून खराबा शुरू हो गया। अब मैं आजाद हूं। मैं सत्य हूं। मैं हर बच्चे, जवान, ब़ूढे में मिल जाऊंगा और फिर से भारत को महान बनाऊंगा।

फिर सत्य -सत्य को फैलाने के लिए चल दिया। सलोनी और सब बच्चे शांत खड़े रहे। कुछ समय उपरांत सलोनी ने कहा अरे हम सब तो एक हैं और रहेंगे। दूर से सत्य ने देखा और सोचा मेरा अस्तित्व खत्म नहीं हुआ है मैं आज भी अपने देश में सत्य फैला सकता हूं। सिर्फ संकल्प की आवश्यकता है। सलोनी औरसारे बच्चे सत्य के साथ हैं और हम .............

चित्र www.google.com से लिया गया है।

Friday, 6 August 2010

प्रदर्शनी

हम सब प्रदर्शनी देखने जा रहे है वहा पर कई तरह की सब्जियां,दालें और फल होगे स्वादिष्ट और रसीले फल, मैंने तो कुछ बचपन मै खाये भी है{हाउ लककी आइ ऍम} पर पाषण और आर्य नेतो बस तस्वीरो में ही देखे है भाभी कल से समझा रही है सब तमीज़से और दूर से देखना कुछ छूना मत ,कही कुछ खराब मत कर देना वैसे पाषाण और आर्य शैतान भी हैजहाँ खाने की चीज़ देखते है मचलजाते हैं आप मानेंगे नही कल रात एक चैनल पर जैसे ही दाल कीतस्वीर दिखायी - दोनों जिद्द करने लगे की हमे चाहिये बड़ी मुश्किलसे माने और समझे की ये दाल की पुरानी तस्वीर है जैसे पिछले हफ्ते डायनासोर के बारे मै बतया था इसका मतलब ये तो नही की डायनासोर अभी तक है, वो इतिहास के पन्नो में है और इतिहास केपन्नो में जो कैद हो गया वो वापस कभी नही आटा हँ हँ आटा नहीआता क्या करू ऐसी हालत कर दी है की दिमाग पर भूख ही हावी रहती है
हम जैसो के कारण ही देश उन्नति नही कर पाता है हर समय खाना खाना और कुछ नही बस आँख खुल गयी खाना शुरू जब तक आँख बंद ना हो जाये वैसे गलती पूरी हम जैसे लोगो की ही नही हैइस के लिये टी.वी वाले भी ज़िम्मेदार है वो ही हर समय सच को गलत ढंग से प्रस्तुत करते है कुछ समय पहले की ही बात है टी.वी पे दिखा रहें थे की लोग घास की रोटी खाने के लिए मजबूर है रोटी खा रहें है उस में भी आलोचना... अरे भाई इश्वर का शुक्र करो की घास की रोटी तो खाने को मिल रही है, पर नही वो ये कहेगे घास की रोटी से पेट दुखता है कभी भूख से पेट दुखा होता तब पता चलता की घास की रोटी से ज्यादा भूख से दर्द होता है जब पेट मे चूहा कूद कूद के दम तोड़ देता है, मौत आँखों पर दस्तक देती है तो इन्सान घास की रोटी भी पिछले जन्मो के अच्छे कर्मो का फल समझ के खाता है और इश्वर का शुक्र अदा करता है कम से कम उन्होंने हमे पशु सामान तो समझा चलिये अब घर वालो की तरह आप भी चुप हो जा कहे उससे पहले खुद ही अपनी बात पर विराम लगता हूँ और प्रदर्शनी जाने की तैयारी करता हूँ सब सब्जियां , दालें और फल देखने आयेगे और कही ज्यादा भीड़ होने के कारण प्रदर्शनी बंद कर दी या पुलिस ने लाठी चला दी तो - सरकार का आम आदमी को दाल से फल दिखने का सपना विफल हो जायेगा और मेरे बच्चो का देखने का
चित्र www.google.com से लिया गया है।

Sunday, 25 July 2010

चरित्रवान

ना जाने आज सुबह मैंने कैसे अपने भतीजे से पूछ डाला।
बेटा तुम्हारा चरित्र कहां है दिखाई नहीं दे रहा?
बेटा मुस्करा कर बोला वो तो कब का खो गया।
कैसे तुम्हारी इतनी मूल्यवान वस्तु खो गई?

और तुमने बताया भी नहीं ,बेटा फिर मुस्कुराया।
हां जब खो गई थी तो मुझे भी अफसोस हुआ था।
मगर जब ज्ञात हुआ वस्तु खोई है तो गम लुप्त हो गया।
वैसे भी दादी ही तो कहती हैं वस्तु का मोह नहीं होना चाहिए।

मगर बेटा चरित्र आजकल मिलता कहां है।
ना मिले मुझे चाहिए भी नहीं उसको लादने से मेरी लुक खराब होती है।
जीवन जीने में भी तकलीफ होती है ,फैशन में भी तो नहीं है चरित्र रखना।
बेटा हमारी खानदानी धरोहर थी।

चाचा मगर किस काम की थी।
जिसे गरीब भी न रख सके, रोटी भी न आ सके।
जिसे रखने पर सब दया का भाव दिखाते हैं।
बेचारा चरित्रवान कहकर पुकारते हैं।

Friday, 25 June 2010

मेरा भारत महान ________ (है / था)

त्यनारायणजी........... सत्यनारायणजी घर पर है क्या ?
पूजा - समझ
नही आता तुम्हारे दोस्त कब घंटी बजाना सीखेंगे
चिल्ला रहें है गंवारो की तरह, अरे रिटायर्ड आदमी घर पर नही होगा तो क्या तुम्हारी तरह सुबह - सुबह दुसरो के दरवाजे पर होगा
सत्यनारायणजी - मिश्रा साहब घर पर ही हूँ - आजायें
पूजा - अब चाय बनाओ, अरे इतनी महंगाई है और इतने काम होते है आ गायें सत्यनारायणजी करते हुए
मिश्रा - नमस्कार भाभीजी, मैंने कहा नमस्कार!
पूजा -
नमस्कारजी!
मिश्रा - क्या बात है आज भाभी उखड़ी हुई लग रही है सत्यनारायण लडे क्या?
पूजा - नही- नही, बस आप का ही जिक्र चल रहा था की मिश्राजी शाम को भी क्यों नही आते?
मिश्रा - ओह.... क्षमा चाहूंगा.... क्या करूँ भाभी अब चलने में तकलीफ होती है, आज से रोज़ आऊँगा - खुश!!
सत्यनारायण - चाय बना देती!
मिश्रा - यही बात बुरी लगती है , तुम भाभीजी को चैन से बैठने नहीं देते हो, भाभीजी चाय मत बनाईये - मैंने आज से चाय पीनी छोड़ दी है
सत्यनारायण - क्यों मिश्राजी चाय से क्या नाराज़गी?
मिश्रा - नही मैंने अब नाराज़ होना छोड़ दिया है बस अब पानी के संग रोटी खाउगा आखरी साँस तक

सत्यनारायण - मगर क्यों मिश्राजी?
मिश्रा - महंगाई को देखिये (गैस ३५ रुपये बढ़ गयी, पेट्रोल 3. रूपये ७३ पैसे , डीजल २ रूपये और केरोसीन ३ रुपये ) जंगली बेल की तरह बढती जा रही है

पूजा - भाई साहब निराश मत होईये जल्द ही सब ठीक हो जयेगा आखिरकार मेरा भारत महान है
मिश्रा - पता नही महान है या था मुझे तो सिर्फ अंधकार दिख रहा है हर चीज़
नीलाम होते दिख रही है अब तो सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम तय करने की सरकारी व्यवस्था को ही खतम कर दिया अब महंगाई कहा से कम होगी - हाँ गरीब जरुर कम हो जायेंगे
सत्यनारायण- ऐसा क्यों सोचते हो?
मिश्रा - गलत हूँ तो बोलिये हर जगह हाहाकार मचा है और सरकार कहती है हम मजबूर है , किस से?? खुद की गलत नीतियों से कुछ प्रतिशित लोगो को दिखा के कहते है हम तरक्की कर रहें है
अरे भारत की राजधानी में ८ से १० घंटे बिजली जाती है तो गाँव में क्या हाल होगा - पीने के पानी के लिए खून हो रहें है और सरकार कहती है प्रगति हो रही है
आज शक्कर ४० रूपये बिक रही है तो मोबाइल की सिम मुफ्त में बिक रही है
६५ रुपये में दाल बिकती है तो ६० पैसे मै कॉल दर बिकती है
सब्जी सड़क पर बिक रही है और चप्पल ऐ. सी. दुकानों में
१२ % पर शिक्षा का लोन मिलता है पर कार लोन ५% पर मिल जाता है

पूजा -हमारे देश में लोकतंत्र है, सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना ही पड़ेगा
मिश्रा - कैसी बात कर रही है, आप को अब भी लगता है किसी सवाल का जवाब मिलेगा
२५ सालो से इंसाफ मांग रहें है और उन्हें इंसाफ की जगह भीख मिली
सत्यनारायण- ऐसा नही है १० लाख मिलेंगे
मिश्रा - १० लाख!! २५ सालो से हिसाब लगा के देखिये - ३३३३.३० रूपये महिना ही पड़ा है, कोई कुबेर का खज़ाना नही दे दिया है
वो भी २५ सालो बाद वादा किया गया है वो भी इसलिए क्योंकि इनके देशप्रेमी ब्रांड के लोगो ने ही भगाया था जिसने २५ हजार लोगो को मारा था लाखो लोग तो अभी भी बीमारी से पीड़ित है जब की उनके देश में एक आदमी ने ५ हजार लोगो को मारा तो उन्होंने दो देशो को खत्म कर दिया और अभी भी तलाश जारी है और हम ने अपने विमान में २५ हजार लोगो के कातिल को रवाना कर दिया और ये भी कह दिया की आइयेगा जरुर नाम बदल - वर्ना डोव कंपनी कैसे वापस भरत में पैर रख रही है - बिना इन सब की मिली भगत के ?
सत्यनारायण- देश को उधम सिंहजी की जरुरत है

मिश्रा - मेरे कवी मित्र (तरुणजी) भी यही कहते है पर उधम सिंहजी मारेगा किसे जिसने मारा या जिसने भगाया ?
सत्यनारायण- इस सवाल का तो
उत्तर मिलना चाहिये ही?
मिश्रा - देखिये कब मिलता है २५ साल तो होगये और कितने साल व किस पीढी को
उत्तर मिलेगा, इंतजार करना पड़ेगा - पर जिस दिन भी उत्तर मिला हर घर में उधम सिंहजी का जन्म होगा

Saturday, 19 June 2010

दीवार पे लटकी तस्वीर

ना जाने क्यों मेरी आंखों में अखरती है,
क्यों मुझे अहसास कराती है अपनी भूलों का।
दीवार
पे लटकी तस्वीर,
घर के कोने में लटकी तस्वीर

ना जाने क्यों मुझे विचलित करती है,
पुरानी हर बातों को ताजा कर देती है
दीवार पे लटकी तस्वीर,
घर के कोने में लटकी तस्वीर

ना जाने मुझे क्यों प्रश्नजाल में फंसा देती है,
उत्तर कहने के पश्चात भी एक नया प्रश्न उजागर कर देती है
दीवार पे लटकी तस्वीर,
घर के कोने में लटकी तस्वीर

ना जाने क्यों मेरा ध्यान खींच लेती है,
बीती हुई बातें शब्द सहित बता देती है
दीवार पे लटकी तस्वीर,
घर के कोने में लटकी तस्वीर

ना जाने क्यों मुझे भयभीत कर देती है,
बच्चों को झूठी कहानी कहने पर विवश कर देती है
दीवार पे लटकी तस्वीर,
घर के कोने में लटकी तस्वीर

ना जाने क्यों मुझे भूत से भविष्य की ओर ले जाती है,
इस तस्वीर में मुझे अपनी तस्वीर क्यों नजर आती है।
दीवार पे लटकी तस्वीर,
घर के कोने में लटकी तस्वीर

चित्र www.google.com से लिया गया है।

Sunday, 13 June 2010

रिजेक्ट

मैं फिर रिजेक्ट हो गयीघर मे मातम पसरा है, जैसे देश मे धमाके के बाद पीड़ित परिवारों मे हो जाता है और टीवी पर दिखा रहे और देख ने वालो के लिए एक रिअलिटी शो से ज्यादा कुछ नही होता है वो ही माहोल हमारे घर का था माँ ,पापाजी और भाई दुखी थे और दूसरी तरफ रिश्तेदार इस घटना का लुत्फ़ उठाने और अपनी विशेष टिप्पड़ी देने मे व्यस्त थे, कोई दुखी दिख के मज़ाक उड़ा रहा था कोई ज्ञानी बन के, पर मज़ाक सब उड़ा रहें थे
जब सब को लगा पापा और मम्मी ध्यान नही दे रहें है या ये कहे स्वयं ही खोये हुए है तो बुआजी ने चिर परिचत अंदाज़ मे रोना शुरू कर दिया और २७ सालो से बलि का बकरा बनती आ रही माँ को ताने मारना शुरू कर दिया उमा की ही गलती है उसने ही बच्चो का ठीक से लालन पालन नही कीया, मेरी फूल सी बच्ची पर थोडा सा भी ध्यान रखा होता तो आज रिजेक्ट नही होती, बेचारी, सातवी बार लड़के वालो ने मना कीया है कितना बुरा लग रहा होगा, काश उमा मे थोड़ी सी अक्ल होती, अरे अब लड़की तुम पर चली गयी तो थोडा केयर कर लो, तुम्हारा वाला जमाना चला गया - की काली है फिर भी शादी हो गयी वैसे होता तो पहले भी नही था, पर छोड़ोइसके कारण मेरी बच्ची की ज़िन्दगी बर्बाद हो रही है कौन करेगा इससे शादी और करेगा भी तो कितनी बार ना सुनने के बादउमा रो रो के कमजोरी हो रही है और तू बुत बनी खड़ी है, चाय ही पिला दे मेरे भाई और हम सब को
माँ - जी
बुआजी - देख हर चीज़ बतानी पड़ती हैहे राम इस का क्या करा जाये, कुछ नही आया अभी तक ,चलो शादी से पहले कुछ नही सीखा पर अब तो सीख लो, वही बात है जब माँ को ही कुछ नही आता तो बच्चो से क्या उम्मीद करे - गोरी भी नही और संस्कार भी नही, अब तो चमत्कार ही हो तो बात बने

राहुल - दीदी पे रिजेक्ट का टेग ना लगाये. गोरी का क्या मतलब?? जैसे भारतीय होते है वेसी ही तो होगी या फिर गोरे होने के लिये फैर की बोतले पीले हद ही हो रही है सब ऐसे कह रहें है जैसे लड़के ह्रतिक रोशन हो एक बार अपने लडको को तो देख लो गोरी, लम्बी चाहिये, अरे शादी के बाद मोडलिंग करवानी है मेरी बहन की शादी हो जायेगी किसी को चिंता की जरुरत नही है

शरद चाचा - अरे मेरे युवराज तेरी दीदी को कोई कुछ नही कह रहा है,बस बात कर रहें है, आखिरकार हमारी भी बच्ची है, क्यों बिटिया बोलो, कुछ बोलना है तो बोलो, नही बोलना, कोई बात नही, बिटिया सब जानती है सब शांत रहो एक और लड़का है उसे कल अपनी बिटिया को दिखा देते है शायद वो हाँ कह दे वर्ना और लडको को दिखायेंगे, कोई तो हमारी कल्लो परी को हाँ कर ही देगा अब इतनी भी काली नही है

राजा चाचा - हाँ इतनी काली नही है ########
प्रफुल चाचा - ########
शरद चाचा -######
ममता बुआ -#######

सब खुद को महत्वपूर्ण सदस्य बताने मे व्यस्त हो गये है और मैं स्वयं में अभी मेरी स्थिति प्रधानमंत्री जैसी ही है ना कुछ बोल सकती हूँ ना कुछ कर सकती हूँ क्यों की हाई कमांड (पापाजी) बोलने की स्थिति मे नही थे और उन्हें सब को ले कर परिवार (सरकार) भी चलाना था
वर्ना ममता बुआजी या शरद चाचा अलग होने की धमकी दे देगे तो राहुल भाई के करियर (पे जो सब ने खर्चा कीया है वो वापस ले लिया तो) पर अल्प विराम लग जायेगा !

चित्र www.google.com से लिया गया है।

Saturday, 8 May 2010

"क" से "किताब"

त्रकार बेटी उठो और भाई की कमीज़ प्रेस कर दो
रिचा - माँ अभी प्रेस करती हू, पर मुझे प्रेस नही ज्वाइन करनी है
क्या प्रेस नही ज्वाइन करनी ?
रिचा - जी हाँ` मैं पत्रकार नहीं बनना चाहती
क्यों इतने संघर्ष के बाद तो सपना सच होता दिख रहा है
रिचा - माँ सपने और हकीकत मे अंतर होता हैं
मेरी बेटी ऐसा मत कह, मैं तुझे अपने पैरो पर खड़ा देखना चाहती हूँ
रिचा - मैं पत्रकार बन भी गयी तो इस का अर्थ ये तो नहीं की मुझे आज़ाद ज़मी मिल जायेगी, मुझे निर्णय लेने की अनुमति मिल जायेगीमुझे यकीन है जिस दिन मैंने निर्णय लेने का सोचा भी तो मुझे निरुपमा की तरह लटका दिया जाएगाऔर कहा जाएगा इस ने नारी हो के निर्णय लेने जैसा जघन्य अपराध कीया है
रिचा तू प्रेम विवाह का सोच रही है?
रिचा - माँ प्रश्न प्रेम विवाह का नहीं, प्र्श्न अपना निर्णय स्यंव लेने की आजादी का है
रिचा होगा वही जो हम चाहेंगे
रिचा - मैं जानती हूँ मुझे मत देने का अधिकार है निर्णय लेने का नहींमुझे बिलकुल भ्रम नहीं है की मुझे शिक्षा ज्ञान के लिये नही प्रणाम पत्र के लिये दी जा रही है, जिस से हम आधुनिक कहलायेंगे और मेरी शादी भी हो जायेगी
तुझे लड़के की तरह रखा और तू ऐसे कह रही है
रिचा - ये ऋण तो जीवन भर नहीं उतार सकती, यदि मुझ मे और भाई मे अंतर नही है तो फिर मेरे लिये अहसान का भाव क्यों है?
की लड़की होते हुए भी हम पड़ा रहे है, हम कितने महान है
माँ यहाँ इच्छा, शिक्षा, स्वतंत्रता, निर्णय लेने की आज़ादी नहीं हैमूल लक्ष्य तो वही है ना पढ़ा लिखा के शादी करा दो जो चंद मुझ जैसी भाग्यशाली लडकियों को पढाया जा रहा है, वो भी मात्र शादी के लिये वरना "" से "किताब" भी नहीं पढाया जाता
रिचा - माँ से मम्मी, मम्मी से माँम कहलवाने से, सलवार से जींस, जींस से स्कर्ट पहनवाने से कोई विकसित नहीं हो जाता कहने का अर्थ सिर्फ इतना है - मुझे निर्णय लेने की स्वतंत्रता दीजिये, मुझ पर विश्वास कीजिये मैं सही निर्णय ले सकती हूँ और क्षितिज को छू सकती हूँ


पापा - चुप, बिलकुल चुप - माँ को हैप्पी मदर्स डे कहो, ठीक से पढो पत्रकार बनो और शादी करो वरना प्रश्नों का अंत करना हमे भी आता है

चित्र www.google.com से लिया गया है।

Saturday, 1 May 2010

मज़दूर

मजदूर क्यों अपना वक्त जाया करता है,
मात्र एक रोटी के लिए जीवन यापन करता है
क्यों नहीं तू भी कल्पना की चादर ओढ़ स्वप्न नगरी में जीवन व्यतीत करता है,
कम से कम रोटी को तो करीब पाएगा तेरा जीवन तो इसी में तर जाएगा

Friday, 16 April 2010

मेड इन चाइना

मुन्ना, मुन्ना
महेंद्र - क्या है पापा?
मुन्ना बात करनी है।
महेंद्र - आ रहा हूं। पापा कुछ तो दूसरों का ख्याल रखा कीजिए। अभी उठा हूं और आपने चिल्लाना शुरू कर दिया। मैं भी इंसान हूं।
मुन्ना! दूसरा .. ओह सॉरी!
महेंद्र - ओह! प्लीज, अब ये शुरू मत कीजिए- आप सॉरी कहें और मैं आपकी मिन्नतें करने लगूं, नहीं पापा-नहीं पापा। अब कहिए क्या कहना है।
कुछ नहीं मुन्ना।
महेंद्र - अब कहिए, नहीं तो कल कहेंगे कि मैं सुनता नहीं हूं।
मुन्ना नहीं कहूंगा। तुम तैयार हो जाओ। तुम्हे ऑफिस जाना है।
महेंद्र - हां मैं अभी तैयार होकर आया। आज संग नाश्ता करते हैं।
जरूर मुन्ना।
महेंद्र - पापा मेरा नाम महेंद्र है मुन्ना नहीं। प्लीज मुन्ना-मुन्ना कहना अब बंद कीजिए। सुनने में बड़ा ही खराब लगता है।
महेंद्र नहीं कहूंगा।
महेंद्र - थैंक्स पापा।
मेरा बेटा बड़ा हो गया।
उंगली पकड़कर चलने वाला।।

उंगली दिखाने लायक हो गया।

मुन्ना से
महेंद्र हो गया।।
मेरा बेटा बड़ा हो गया।
जिज्ञासा - प्रगति बेटा उठो, कॉलेज जाना है। रानी उठो।
प्रगति- क्या मां एफ एम शुरू कर देती हो सुबह-सुबह। एक बार में सुन लिया उठ जाऊंगी।
महेंद्र - प्रगति क्या बदतमीजी है। मम्मी से कोई ऐसे बात करता है। हम आजतक अपने बड़ों से ऐसे बात नहीं करते।
प्रगति - अरे सुबह-सुबह लेक्चर नहीं, उठ गई ना अब शांत रहो।
प्रगति - मम्मी!!! डैडी को बुला लो ना।
महेंद्र - जा रहा हूं। जल्दी तैयार हो। नाश्ता संग करेंगे।
प्रगति - जाओगे तभी तो आऊंगी।

महेंद्र - अरे मैं तैयार होकर भी आ गया और कोई नाश्ता करने भी नहीं आया।
बेटा मैं तो कब का आ गया।
महेंद्र - ओह! सॉरी आपको देखा नहीं।
कोई बात नहीं आजकल मैं खुद को भी नहीं देख पा रहा हूं।
महेंद्र - पापा ये क्या पहना है।
धोती।
महेंद्र - वोह तो मुझे भी दिख रही है। पर ये क्यूं?
मुझे आराम मिलता है।
महेंद्र - नयी धोती भी तो पहन सकते हैं। पिछले सप्ताह ही लाया था।
मुझे आराम नहीं मिलता है उन धोतियों में।
महेंद्र - क्यों खादी तो है।
हां, पर आराम नहीं मिलता है।
महेंद्र - जो लाओ वही पसंद नहीं है।
बेटा क्या करूं, मुझे आराम नहीं मिलता है।
महेंद्र - वो तो अच्छी क्वालिटी की है।
होगी, पर मुझे सुकून नहीं मिलता है।
महेंद्र - ये सब बेकार की बात मत कीजिए।
जिज्ञासा - आपको कुछ नहीं, बस
महेंद्र जो लाए उसकी बुराई करनी है और पूरी दुनिया में हमें बुरा साबित करना है।
बहू ये सिर्फ तुम्हारी सोच है।
जिज्ञासा- हां मेरी तो अब सोच भी गलत है। एम.बी.ए. हूं। बारवीं फेल नहीं हूं।
बहू मुझे गर्व है कि तुम एम.बी.ए. हो। पर मैं कभी घर की बात सड़क पर नहीं करता।
जिज्ञासा - करने की क्या जरूरत है। इन चिथड़ों में घूमेंगे तो सब तो यही समझेंगे, छोड़ो मुझे नहीं बोलना। वरना कहेंगे बहू बड़ी तेज है।
ऐसा नहीं है बहू।
महेंद्र - तो क्यों नहीं पहनते हैं खादी धोती?
मैं बार-बार नहीं कह सकता, मुझे आराम नहीं मिलता।
महेंदर- छोडि़ए मत पहनिए। रहिए फटेहाल।
महेंद्र - इन्हें आराम नहीं मिलता। चाईना ने स्पेशल खादी धोती इंडियन्स के लिए निकाली है। और इन्हें धोती नहीं पसंद। जबकि नाम भी स्वदेशी है।
मैं चाईना की जंग में लड़ा था और आज चाईना का कपड़ा पहनने को कह रहे हो।
महेंदर- आपकी यही बात अच्छी नहीं है। पुरानी बातें दिल में रख लेते हैं। लड़ाई हुई खत्म हुई।
देश प्रेम भी कोई चीज है कि नहीं।
प्रगति - ये देशप्रेम क्या होता है।
महेंद्र - लव फोर योर कंट्री।
प्रगति- ओह! दैट इज आऊट डेटेड डैड।
देशप्रेम आऊट डेटेड कभी नहीं होता।
प्रगति - होता नहीं हो चुका है। आप किस दुनिया में हैं दादा।
प्रगति- आज फौजी इंडिया गेट के नीचे खुले में सोते हैं।
१५ अगस्त से ज्यादा लोग वेलेंटाइन डे मनाते हैं।
देश पर हमला होता है तो वेबपेज पर ज्ञान देते हैं। पर वोट देने नहीं जाते हैं।
वाइट शक्कर को ब्लैक में खरीदते हैं।
प्रगति- चलिए चलती हूं। कॉलेज के नाम पर दोस्तो के घर जाना है। वैसे भी सुबह मेड इन चाइना देशभक्ति की अगरबत्ती मेड चाइना भगवान के आगे जला चुकी हूं।
दादा बाय सोचिएगा। देश और भक्ति अपनी ही है या वो भी चाइना से इंपोर्ट हो रही है। हा..हा..हा....

मैं सोच में पड़ गया और आप .......